2025-04-04 18:05:11
रेवाड़ी। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने वरिष्ठ पत्रकार नवीन यादव को अपना मीडिया एडवाइजर नियुक्त किया है। नवीन यादव, जो आज तक और जनता टीवी जैसे प्रतिष्ठित समाचार चैनलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय में उनकी नियुक्ति से सरकारी नीतियों और योजनाओं के प्रचार-प्रसार को अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद है। उनके व्यापक अनुभव और मीडिया से जुड़ी गहरी समझ से मंत्रालय की मीडिया रणनीति को सशक्त किया जाएगा और सरकार व जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित होगा। नवीन यादव ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। साथ ही, उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री आरती राव को उन्हें मीडिया एडवाइजर नियुक्त करने पर धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, मैं मंत्री महोदया की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूर्ण निष्ठा से कार्य करूंगा और स्वास्थ्य विभाग व जनता के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करने में अहम भूमिका निभाऊंगा। स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने इस नियुक्ति पर कहा, नवीन यादव के मीडिया अनुभव और उनकी दूरदर्शिता से स्वास्थ्य विभाग को अपनी नीतियों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी। उनकी नियुक्ति एक महत्वपूर्ण कदम है, जो पारदर्शिता और प्रभावशीलता को बढ़ावा देगा। यह नियुक्ति स्वास्थ्य मंत्रालय की कार्यशैली को आधुनिक, पारदर्शी और मीडिया-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय होगा।