2025-04-16 19:11:37
हथीन/रोबिन माथुर : अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सुभाष लाम्बा, सीटू प्रदेशाध्यक्ष सुरेखा व महासचिव जय भगवान ने कहा कि केंद्र सरकार दमन पर उतारू है। उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों मजदूरों एवं कर्मचारी 20 मई को राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल करके इसका माकूल जवाब देंगे। उन्होंने यह ऐलान बुधवार को पलवल में मजदूरों, कर्मचारियों और किसानों की संयुक्त सम्मेलन को संबोधित करते हुए किया। सम्मेलन की अध्यक्षता सर्व कर्मचारी संघ जिला प्रधान राजेश शर्मा, सीटू जिला प्रधान उर्मिला रावत, किसान सभा जिला प्रधान धर्मचंद और रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला सचिव हरिचंद वर्मा ने की। मंच संचालन सीटू जिला सचिव रमेश चंद ने किया। अपने संबोधन में संगठन नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार मजदूर-कर्मचारी विरोधी लेबर कोड्स को लागू करने जा रही है। ये लेबर कोड्स मजदूरों को गुलाम बनाने का दस्तावेज हैं। यह सब कृत्य देशी विदेशी पूंजीपतियों के हित में किया जा रहा है। सरकार सार्वजनिक और सरकारी क्षेत्र को तबाह करने पर आमादा है। इसीलिए राष्ट्रीय मुद्रीकरण पाइपलाइन योजना का मकसद यही है। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार के विभागों में 1 करोड़ से ज्यादा पद खाली पड़े हैं लेकिन स्थाई भर्ती नहीं की जा रही। आंगनवाड़ी, आशा, मिड डे मील, सरकारी विभागों में कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को स्थाई नहीं किया जा रहा। केंद्रीय श्रमिक संगठन मांग कर रहे हैं कि महंगाई के हिसाब से न्यूनतम वेतन 26000 रुपए प्रतिमाह किया होना चाहिए लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। संगठन नेताओं ने कहा कि 23- 26 मई को सीटू की राष्ट्रीय जनरल कौंसिल फरीदाबाद में होगी। इस बैठक में देश भर से यूनियनों के 500 से ज्यादा नेता हिस्सा लेंगे। इस कौंसिल में मजदूरों कर्मचारियों के मुद्दों पर व्यापक बहस होगी तथा आगामी आंदोलन की रणनीति बनेगी। संगठन नेताओं ने इस कौंसिल बैठक को सफल बनाने का भी आह्वान किया है। कन्वेंशन को कर्मचारी व मजदूर नेता योगेश शर्मा, जितेंद्र तेवतिया, हरकेश, जगवती, कृष्णा, सतपाल, आशा, राजकुमार डागर, नरेंद्र सौरोत, दिवाकर आदि ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मजदूर संगठनों एवं कर्मचारी संघों के आह्वान पर 20 मई की देशव्यापी हड़ताल ऐतिहासिक होगी। मजदूर-कर्मचारी विरोधी चार लेबर कोड्स को लागू करने के भाजपा सरकार के प्रयासों को रोकने, ठेका प्रथा, अस्थाई व कच्चे रोजगार के स्थान पर स्थाई नौकरी, न्यूनतम वेतन 26000 रुपए लागू करवाने आदि मांगो को लेकर केंद्रीय मजदूर ओर कर्मचारी संगठनों के आह्वान पर 20 मई को देशव्यापी हड़ताल होगी। इसकी तैयारी में पलवल जिला में व्यापक अभियान चलेगा। 1 मई को मजदुर दिवस पर विशाल जुलुश निकाला जाएगा।